Maharajganj Times

Maharajganj News : मूर्ति विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आए तीन लोग, एक रेफर

Maharajganj
Friday, 03 Oct, 2025
0
1248

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  दशहरा पर्व पर मूर्ति विसर्जन के दौरान महराजगंज जिले के पनियरा में बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार की सुबह 11 बजे नगर पंचायत पनियरा के धंगरहवा वार्ड नंबर 5 से निकल रहे विसर्जन जुलूस में रजौड़ा शराब भट्ठी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखी प्रतिमा अचानक हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। इस हादसे में ट्रॉली पर सवार तीन लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल युवकों की पहचान शत्रुघ्न राय (27), निखिलेश राय (16) और 7 वर्षीय अमित के रूप में हुई है। प्रतिमा जैसे ही हाईटेंशन तार से टकराई, जोरदार धमाके के साथ करंट पूरे ट्रॉली में फैल गया। इससे जहां प्रतिमा धधक उठी, वहीं तीनों युवक करंट से बुरी तरह झुलस गए। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शत्रुघ्न राय को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, निखिलेश और अमित का इलाज पनियरा कस्बे के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।

<